
Surajpur में शिक्षक से 13 लाख की ठगी, ठेकेदार गिरफ्तार
SECL में नौकरी दिलाने का झांसा, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया आरोपी
सूरजपुर। जिले के एसईसीएल भटगांव क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर शासकीय शिक्षक से 13 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
शिक्षक की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
यह शिकायत शासकीय माध्यमिक शाला तेलईकछार में पदस्थ शिक्षक हेमंत राजवाड़े, निवासी ग्राम पचिरा द्वारा कोतवाली थाना में दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में वे शासकीय माध्यमिक शाला नरेशपुर में पदस्थ थे। उसी दौरान उनके सहकर्मी शिक्षक दिलीप श्रीवास्तव ने उन्हें बताया कि उनका परिचित आकाश खरे एसईसीएल भटगांव क्षेत्र में माइनिंग इंचार्ज के पद पर कार्यरत है और उसकी अधिकारियों में अच्छी पकड़ है।

बेटे की नौकरी के नाम पर झांसा
शिकायतकर्ता के अनुसार दिलीप श्रीवास्तव ने यह भी बताया कि उसने अपने बेटे की नौकरी लगवाने के लिए आकाश खरे को रुपये दिए हैं। इसी भरोसे पर हेमंत राजवाड़े की आकाश खरे से मुलाकात कराई गई। बातचीत के दौरान आकाश खरे ने उनके पुत्र अंकुर राजवाड़े की एसईसीएल भटगांव में नौकरी 15 लाख रुपये में लगवाने का भरोसा दिलाया।
कई किश्तों में वसूली गई रकम
आरोपी ने अलग-अलग किश्तों में शिक्षक से 13 लाख रुपये से अधिक की रकम ले ली, लेकिन न तो नौकरी लगी और न ही पैसे वापस किए गए। लंबे समय तक टालमटोल के बाद जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, तो उसने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
पुलिस कार्रवाई जारी
कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तरह की ठगी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



