
सूरजपुर में अज्ञात महिला की नृशंस हत्या, जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव
चंदौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पहिया-घाट पेंडारी रोड के जंगल में एक अज्ञात महिला की बेहद निर्मम हत्या कर शव फेंके जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच सड़क किनारे जंगल में महिला की लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों में दहशत, पहचान करना मुश्किल
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस को घटना की जानकारी मिली। जंगल में शव पड़े होने की खबर फैलते ही क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों के अनुसार महिला की हत्या अत्यंत बेरहमी से की गई है। हत्यारों ने महिला के चेहरे को बुरी तरह कुचल दिया है, जिससे उसकी पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो गया है।

कहीं और हत्या कर शव फेंकने की आशंका
शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को जंगल में लाकर फेंका गया। घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामले ने और भी तूल पकड़ लिया है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
सूचना मिलते ही चंदौरा थाना प्रभारी मनोज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था बनाई। प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी और फोरेंसिक टीम को भी सूचना दी गई है, जिनके पहुंचने के बाद साक्ष्य संकलन और विस्तृत जांच की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



