
गुड़ की गंध से आकर्षित होकर हाथी ने तोड़ी झोपड़ी, 40 दिन के नवजात की मौत
सूरजपुर। जिले के भटगांव थाना क्षेत्र के चिकनी धरमपुर गांव में बीती रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां हाथी के हमले में 40 दिन के नवजात शिशु की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रात लगभग 1 बजे की है, जब उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से आए प्रवासी मजदूर दंपती अपने परिवार के साथ गुड़ फैक्ट्री के पास बनी अस्थायी झोपड़ी में रह रहे थे।
जंगल से भटकर झोपड़ी तक पहुंचा हाथी
जानकारी के अनुसार, सोनगरा जंगल से भटककर एक हाथी गांव की ओर आ गया। माना जा रहा है कि हाथी गुड़ की तेज गंध से आकर्षित होकर झोपड़ी की तरफ बढ़ा। पास आने के बाद हाथी ने झोपड़ी को जोरदार तरीके से तोड़ डाला, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

दंपती ने बचाई जान, नवजात को नहीं मिला बचाव
हादसे के दौरान दंपती किसी तरह अपने अन्य बच्चों को लेकर बाहर निकलने में सफल हो गए, लेकिन उनका 40 दिन का नवजात झोपड़ी के मलबे में रह गया। हाथी के पैरों तले कुचल जाने से नवजात की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों में आक्रोश, सुरक्षा की मांग
इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग और प्रशासन के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। उन्होंने वन विभाग से तुरंत कार्रवाई और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



