
Surajpur: बोलेरो से कुचलकर दो लोगों की हत्या, पुलिस ने 24 घंटे में चार आरोपियों को दबोचा
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुरानी रंजिश के चलते बोलेरो वाहन से कुचलकर दो लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह जघन्य वारदात रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम तिवरागुड़ी में 22 सितंबर की रात को अंजाम दी गई थी।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
जानकारी के अनुसार, ग्राम तिवरागुड़ी निवासी पूरन रवि ने रामानुजनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 सितंबर की रात करीब 11 बजे उनके भाई त्रिवेणी (35 वर्ष), भतीजे राजाबाबू (19 वर्ष) और करन पर गांव के ही कुछ लोगों ने बोलेरो वाहन चढ़ाकर हमला किया। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान त्रिवेणी और राजाबाबू की मौत हो गई, जबकि करन अभी भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। पूरन रवि ने आरोप लगाया कि गांव के ओमप्रकाश, जयप्रकाश, नर्मदा और बाबूलाल ने पुरानी रंजिश के चलते जानबूझकर इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
शिकायत मिलते ही रामानुजनगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और धारा 109(1), 324(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। बाद में दोनों घायलों की मौत के बाद प्रकरण में धारा 103(1) भी जोड़ी गई। पुलिस ने छानबीन के दौरान चारों आरोपियों—ओमप्रकाश, जयप्रकाश, नर्मदा और बाबूलाल—को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि यह वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा थी, जिसे आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



