
सुनेत्रा पवार बनीं Maharashtra की पहली महिला डिप्टी CM, शपथ लेते हुए छलक आईं आंखें
मुंबई। महाराष्ट्र की सियासत में शनिवार को एक भावुक और ऐतिहासिक पल आया, जब सुनेत्रा पवार ने राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। मुंबई के लोकभवन में आयोजित एक सादे समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के दौरान जब ‘अजित दादा अमर रहें’ के नारे लगे, तो सुनेत्रा पवार की आंखें भर आईं। यह नियुक्ति उनके पति और पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद हुई है।
विधायक दल की नेता चुनी गईं सुनेत्रा
शपथ ग्रहण से पहले महाराष्ट्र विधानभवन में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें वरिष्ठ नेता दिलीप वलसे पाटिल ने सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुनने का प्रस्ताव रखा, जिसका छगन भुजबल ने समर्थन किया। उन्हें पार्टी का अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया है, जिससे अब NCP से जुड़े सभी बड़े फैसले लेने का अधिकार उनके पास होगा।

राज्यसभा से दिया इस्तीफा
उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के लिए सुनेत्रा पवार ने अपनी राज्यसभा सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। माना जा रहा है कि वे अब अपने पति की खाली हुई बारामती विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ेंगी। उनकी खाली हुई राज्यसभा सीट पर उनके बड़े बेटे पार्थ पवार को भेजे जाने की चर्चा है।
पीएम मोदी और फडणवीस ने जताया भरोसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर सुनेत्रा पवार को बधाई देते हुए कहा, “सुनेत्रा जी इस जिम्मेदारी को संभालने वाली पहली महिला हैं। मुझे विश्वास है कि वह स्वर्गीय अजित दादा के विजन को पूरा करेंगी।” मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी इस फैसले का स्वागत किया और कहा कि वे पवार परिवार और NCP के इस निर्णय के साथ मजबूती से खड़े हैं।

कौन हैं सुनेत्रा पवार?
सुनेत्रा पवार का जन्म 1963, धाराशीव (उस्मानाबाद) में हुआ है । उनके भाई पद्मसिंह पाटिल पूर्व मंत्री रह चुके हैं। 1985 में उनका विवाह अजित पवार से हुआ था। वे बारामती में सामाजिक कार्यों के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने काटेवाड़ी गांव को ‘निर्मल ग्राम’ बनाने और सोलर एनर्जी को बढ़ावा देने में बड़ी भूमिका निभाई। 2010 में उन्होंने ‘एनवायर्नमेंटल फोरम ऑफ इंडिया’ की स्थापना की।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



