
छात्र की पिटाई पड़ी भारी, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के संविदा शिक्षक बर्खास्त
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रघुनाथनगर में छात्र की पिटाई के आरोप में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संविदा शिक्षक पीयूष कुमार वर्मा को सेवा से तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है।

शिकायत के बाद खुली परतें
मामला तब सामने आया जब विद्यालय में पढ़ने वाले एक छात्र ने शिक्षक पीयूष वर्मा पर शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। शिकायत मिलते ही जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) वाड्रफनगर से जांच कराई।
जांच में आरोप साबित
जांच के दौरान छात्र के बयान, विद्यालय प्रबंधन की रिपोर्ट और दस्तावेजों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि शिक्षक द्वारा छात्र की पिटाई की गई थी। इसके अलावा प्राचार्य की रिपोर्ट में शिक्षक के खिलाफ कई अन्य गंभीर लापरवाहियां भी सामने आईं—
- बिना सूचना के छुट्टी लेना
- शिक्षक डायरी का संधारण नहीं करना
- समय पर सिलेबस पूरा नहीं कराना
- विद्यालय परिसर में अभद्र व्यवहार
इन सभी मामलों को लेकर पहले ही शिक्षक को नोटिस जारी किया जा चुका था।
सेवा नियमों का उल्लंघन
जांच प्रतिवेदन में शिक्षक का आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 01, 02 और 03 का उल्लंघन पाया गया। इसे शैक्षणिक मर्यादा और अनुशासन के खिलाफ माना गया।

DEO का सख्त फैसला
सभी तथ्यों और सहपत्रों पर विचार के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने पीयूष कुमार वर्मा को दोषी ठहराते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (संविदा नियुक्ति) नियम 2012 के तहत दीर्घ शास्ति लगाई और उन्हें शिक्षक (कला विषय) पद से हटा दिया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



