
गौ तस्करी पर करारा प्रहार: पुलिस ने 6 मवेशी छुड़ाए, तीन आरोपी को किया गिरफ्तार
राजनांदगांव | पुलिस चौकी चिखली ने गौ तस्करों के खिलाफ बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए कत्लखाने ले जाए जा रहे 06 नग कृषक मवेशियों को सुरक्षित बचाया है। इस दौरान पुलिस ने दो वाहनों को जप्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा, जबकि एक अपचारी बालक को संरक्षणात्मक अभिरक्षा में भेजा गया।

चेकिंग के दौरान पकड़े गए तस्कर
दिनांक 12 दिसंबर 2025 की सुबह, मुखबिर से सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चौकी प्रभारी चिखली के नेतृत्व में पुलिस स्टाफ एवं गौ सेवकों की संयुक्त टीम ने ग्राम तिलई के पास खैरागढ़ की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की चेकिंग की।
इसी दौरान वाहन क्रमांक CG 22 AG 1100 एवं CG 04 QG 5390 को रोककर जांच की गई। जांच में पाया गया कि दोनों वाहनों में तीन-तीन नग भैंस/भैंसी को बेरहमी से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था।
बिना दस्तावेज कत्लखाने ले जा रहे थे मवेशी
वाहनों में सवार सत्यप्रकाश धृतलहरे, मनोज कुमार साहू, मोहनदास मानिकपुरी एवं एक अपचारी बालक से पूछताछ करने पर उन्होंने मवेशियों को भाटापारा-बलौदाबाजार से लॉजी बालाघाट ले जाना स्वीकार किया। मवेशियों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

कानूनी कार्रवाई, गौशाला भेजे गए मवेशी
पुलिस ने मवेशियों का डॉक्टरी परीक्षण कराकर उन्हें सुरक्षा की दृष्टि से गौशाला में रखा। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया गया। तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया, जबकि अपचारी बालक को संरक्षणात्मक अभिरक्षा में सौंपा गया।
जप्ती का विवरण
06 नग गौवंश – अनुमानित कीमत ₹1,20,000
🚗02 वाहन – अनुमानित कीमत ₹10,00,000
🔢 कुल जप्ती मूल्य – ₹11,20,000
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



