
प्रदूषण पर सख्त कार्रवाई: रायपुर में 24 उद्योगों की बिजली काटी गई, ईंट भट्ठों और कचरा जलाने पर भी गिरी गाज
रायपुर। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल (सीईसीबी) ने राजधानी रायपुर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। जनवरी से दिसंबर 2025 की अवधि में 24 प्रदूषणकारी उद्योगों की बिजली काटते हुए उत्पादन बंद कराया गया, जबकि 23 उद्योगों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

पर्यावरण संरक्षण मंडल के अनुसार, उरला, सिलतरा, बीरगांव, सरोरा सहित आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में संचालित कई उद्योग वायु एवं जल प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करते पाए गए थे।
21.81 लाख की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति
बिना तारपोलिन ढके कच्चा माल, उत्पाद या ठोस अपशिष्ट का परिवहन करने वाले 47 उद्योगों और संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 21 लाख 81 हजार 574 रुपए की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति राशि अधिरोपित की गई है। वहीं, कुल मिलाकर 27 उद्योगों पर 57.80 लाख रुपए से अधिक का जुर्माना लगाया गया है।
इस माह भी जारी रही कार्रवाई
दिसंबर माह की 16 तारीख तक 4 उद्योगों को नोटिस, 1 उद्योग की बिजली काटने/उत्पादन बंद करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि 2 उद्योगों पर 2.55 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है।

घरेलू कचरा जलाने और ईंट भट्ठों पर सख्ती
नगर निगम क्षेत्र में घरेलू कचरा खुले में जलाने के मामलों में भी जुर्माने की कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही रहवासी इलाकों के समीप संचालित परंपरागत बंगला भट्ठा, हाथ भट्ठा और बिना चिमनी वाले ईंट भट्ठों पर प्रतिबंध लगाने के लिए नगर निगम रायपुर, बीरगांव और खनिज विभाग को पत्र भेजा गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



