
रिंग रोड-1 पर अवैध पार्किंग पर पुलिस-निगम की सख्त कार्रवाई: 89 वाहनों पर चालान, 20 कंडम गाड़ियां क्रेन से हटाईं
रायपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और अवैध पार्किंग से होने वाली जाम की समस्या से निपटने के लिए रायपुर पुलिस और नगर निगम टीम प्रहरी ने संयुक्त अभियान चलाया। यह कार्रवाई रिंग रोड नंबर-1 पर टाटीबंध चौक से पचपेड़ीनाका चौक तक की सर्विस रोड में की गई।

89 वाहनों पर नो-पार्किंग चालान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक सतीश ठाकुर के नेतृत्व में यातायात पुलिस और नगर निगम की टीम ने अवैध रूप से खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान सरोना चौक से रायपुरा चौक, भाठागांव चौक और संतोषी नगर चौक तक रिंग रोड के सर्विस रोड में अवैध रूप से खड़े 89 वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत नो-पार्किंग चालानी कार्रवाई की गई।
20 कंडम वाहन क्रेन से हटाए गए
रिंग रोड किनारे स्थित मोटर गैरेजों के सामने अवैध रूप से खड़ी 20 कंडम गाड़ियों को क्रेन की मदद से उठाकर यार्ड में डंप किया गया। साथ ही गैरेज संचालकों को दोबारा सड़क पर वाहन खड़े नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।

ठेला-खोमचा और अतिक्रमण पर भी कार्रवाई
नगर निगम टीम प्रहरी द्वारा
- 04 फल ठेला
- 02 हाथ ठेला (कबाड़ी दुकानों के सामने)
को जप्त किया गया। वहीं, ग्लोबल हॉस्पिटल के सामने अवैध पार्किंग के लिए लगाए गए खंभे और चेन को भी हटाकर जप्त किया गया तथा दोबारा नहीं लगाने की चेतावनी दी गई।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



