
धमतरी में आवारा कुत्ते का आतंक: घर के बाहर खेल रही 5 साल की मासूम पर हमला, सिर और हाथ में गंभीर चोट
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से आवारा कुत्तों के आतंक की एक और चिंताजनक घटना सामने आई है। पोटीयाडीह गांव में घर के बाहर खेल रही 5 साल की मासूम बच्ची पर अचानक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। इस हमले में बच्ची के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
रायपुर में चल रहा इलाज
जानकारी के मुताबिक, घायल बच्ची की पहचान प्रियांशी साहू के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन तत्काल बच्ची को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया।

बाहर खेल रही थी बच्ची
बताया जा रहा है कि बच्ची रोज की तरह घर के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बच्ची को कुत्तों से बचाया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी।
इलाके में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद गांव में आवारा कुत्तों को लेकर दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण और ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



