
सोने-चांदी के हांडा-गड़ा होने का झांसा देकर 13.74 लाख की ठगी
जिले में अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोने-चांदी के हांडा गड़ा होने और बीमारी ठीक कराने का झांसा देकर आरोपियों ने एक युवक से 13 लाख 74 हजार रुपये नगद और लगभग एक तोला सोने के आभूषण ठग लिए। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

अक्टूबर 2025 में हुई थी शिकायतकर्ता से मुलाकात
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार ग्राम खैरा (पाटन) निवासी कमल साहू की अक्टूबर 2025 में आरोपियों से मुलाकात हुई थी। आरोपियों ने खुद को आयुर्वेदिक उपचार से जुड़ा बताते हुए बीमारी ठीक कराने का दावा किया और पूजा-पाठ कराने की बात कही।
हांडा-गड़ा होने का दिया लालच
आरोपियों ने लटुवा रोड पुलिया के पास सोने-चांदी का हांडा गड़ा होने की बात कहकर उसे निकालने के लिए विशेष पूजा कराने का झांसा दिया। इस झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने आरोपियों को 13,74,000 रुपये नगद एवं लगभग एक तोला सोने के आभूषण सौंप दिए।
ठगी का अहसास होने पर पहुंचा थाना
कुछ समय बाद जब वादा पूरा नहीं हुआ, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उसने सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
शिकायत मिलने पर पुलिस ने धारा 318(4) एवं 61(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को चिन्हित किया।

कांकेर जिले से आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने 23 जनवरी 2026 को कांकेर जिले के ग्राम जामगांव से आरोपियों को विधिवत हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—
•नानसिंग चितोड़िया (52 वर्ष)
•सूरज सिंह चितोड़िया (18 वर्ष)
•एक नाबालिग

नकदी, आभूषण और कार जब्त
आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 4 लाख 80 हजार रुपये नगद, सोने के आभूषण एवं घटना में प्रयुक्त कार (क्रमांक CG-11-E-4500) जब्त की गई है।
आरोपियों को न्यायालय में किया गया पेश
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



