
छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर जवानों को मिली बड़ी सफलता: नक्सलियों का एक बड़ा डंप बरामद, IED सामग्री, मोर्टार और बंदूक जब्त
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है। छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दडईपानी के पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों का एक बड़ा डंप बरामद किया है। इस कार्रवाई से डीजीएन (DGN) डिवीजन के नक्सलियों की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, माओवादी गतिविधियों की पुख्ता सूचना पर सीआरपीएफ, ई-30, एसटीएफ, 207 कोबरा और 16वीं बटालियन सीएएफ की संयुक्त टीम ने 19 दिसंबर को विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान ओडिशा सीमा से लगे दडईपानी के पहाड़ी क्षेत्र में संदिग्ध नक्सली डंप का पता चला।
IED और मोर्टार से हमले की थी तैयारी
सुरक्षा बलों की सघन तलाशी में चट्टानों के भीतर छिपाकर रखे गए प्लास्टिक ड्रम और स्टील के डिब्बों से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। इसमें
- 1 नग भरमार बंदूक
- 1 नग कंपनी निर्मित मोर्टार
- 22 नग मोर्टार सेल
- 150 नग डेटोनेटर
- 18 नग तीर बम
सहित अन्य नक्सली सामग्री शामिल है।
बताया जा रहा है कि नक्सली इन विस्फोटकों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने और पुलिस पार्टी पर मोर्टार हमले के लिए करने की फिराक में थे। समय रहते डंप पकड़े जाने से एक बड़ी घटना टल गई।

नक्सलियों की साजिश पर पानी
इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय डीजीएन डिवीजन के नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है। सुरक्षा बलों का कहना है कि इलाके में सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी रहेगा, ताकि नक्सलियों की गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। सुरक्षा एजेंसियों की इस सफलता के बाद साफ संकेत हैं कि छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर नक्सलियों की कमर तोड़ने की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



