
रायपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई : स्कूटी से अवैध शराब की डिलीवरी करते आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी स्कूटी के जरिए अवैध रूप से देसी शराब का परिवहन कर रहा था। कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने 5.76 बल्क लीटर देसी मदिरा और एक स्कूटी जब्त की है।
नवीन प्राथमिक शाला के सामने पकड़ा गया आरोपी
आबकारी विभाग की टीम ने आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बाना में कार्रवाई की। जांच के दौरान नवीन प्राथमिक शाला के सामने एक व्यक्ति को स्कूटी से अवैध शराब का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। आरोपी की पहचान ग्राम बाना निवासी उजेंद्र बंजारे के रूप में हुई है।
स्कूटी की डिक्की से 32 पाव देसी मदिरा बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी की हीरो डेस्टिनी प्राइम स्कूटी की डिक्की से 32 पाव देसी मदिरा ‘मसाला यूनीक’ बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 5.76 बल्क लीटर आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में शराब का संबंध अन्य जिला महासमुंद से होना बताया गया है।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आबकारी विभाग ने मौके से अवैध शराब और स्कूटी को जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



