March 2, 2026
Chhattisgarh:सीतापुर में नेत्रहीन नाबालिग से रेप का सनसनीखेज मामला, दो ममेरे भाई Tamil Nadu से गिरफ्तार

Chhattisgarh:सीतापुर में नेत्रहीन नाबालिग से रेप का सनसनीखेज मामला, दो ममेरे भाई Tamil Nadu से गिरफ्तार

Sep 5, 2025

सीतापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नेत्रहीन नाबालिग लड़की (14) के साथ उसके दो ममेरे भाइयों द्वारा पांच माह तक बलात्कार किया गया। इस जघन्य अपराध का खुलासा तब हुआ, जब पीड़िता सात माह की गर्भवती हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तमिलनाडु से गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें एक नाबालिग है। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह और बालिग आरोपी को सेंट्रल जेल भेज दिया गया है।

मामले का खुलासा
सीतापुर क्षेत्र की निवासी नेत्रहीन नाबालिग को उसके माता-पिता ने पढ़ाई के लिए नेत्रहीन स्कूल में भर्ती कराया था। लेकिन कुछ कारणों से उसकी पढ़ाई छूट गई, जिसके बाद माता-पिता ने उसे उसके मामा के घर छोड़ दिया, जहां वह करीब एक साल से रह रही थी। कुछ माह पहले नाबालिग को पेट में दर्द की शिकायत हुई, जिसे उसके माता-पिता ने बीमारी समझकर झाड़-फूंक करवाया। इसके बाद उसे फिर से मामा के घर छोड़ दिया गया। जब उसका पेट बढ़ने लगा और तबीयत बिगड़ने लगी, तब मेडिकल जांच में उसके सात माह की गर्भवती होने का खुलासा हुआ।

आवाज के आधार पर हुई आरोपियों की पहचान
पीड़िता ने पूछताछ में बताया कि उसके दो ममेरे भाइयों ने उसका यौन शोषण किया। अपनी नेत्रहीनता के कारण उसने आवाज के आधार पर दोनों की पहचान की। इनमें एक उसका सगा ममेरा भाई है, जबकि दूसरा रिश्ते में ममेरा भाई है। इस घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता के माता-पिता उसे लेकर सीतापुर थाने पहुंचे और दोनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की धारा 5(2) ए, 5(क), 6(5) और बीएनएस की धारा 70(2) के तहत मामला दर्ज किया।

तमिलनाडु से पकड़े गए आरोपी
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी घटना के बाद से करीब ढाई माह तक फरार थे और तमिलनाडु में एक बोरवेल कंपनी में काम कर रहे थे। सीतापुर पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर तमिलनाडु में छापेमारी की और दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें सीतापुर लाया गया और कोर्ट में पेश किया गया। सीतापुर थाना प्रभारी गौरव पांडेय ने बताया कि नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह और बालिग आरोपी को सेंट्रल जेल भेज दिया गया है।

पीड़िता की हालत नाजुक, अस्पताल में भर्ती
सात माह की गर्भवती पीड़िता की तबीयत बिगड़ने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस घटना ने समाज में आक्रोश पैदा कर दिया है और लोग इस जघन्य अपराध के लिए कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

 

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix