February 1, 2026
शीना बोरा केस में नया Twist : विधि मुखर्जी ने आरोपपत्र को झूठा बताया, सौतेले भाइयों पर करोड़ों की चोरी का आरोप

शीना बोरा केस में नया Twist : विधि मुखर्जी ने आरोपपत्र को झूठा बताया, सौतेले भाइयों पर करोड़ों की चोरी का आरोप

Sep 3, 2025

शीना बोरा मर्डर केस में मंगलवार को एक बड़ा और सनसनीखेज खुलासा हुआ है। इंद्राणी मुखर्जी की बेटी विधि मुखर्जी ने विशेष सीबीआई अदालत में गवाही देते हुए आरोप लगाया कि उनके नाम से जो बयान सीबीआई के आरोपपत्र में दर्ज हैं, वे पूरी तरह से झूठे और मनगढ़ंत हैं। विधि ने कहा कि उन्होंने कभी भी सीबीआई या पुलिस के सामने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया था, बल्कि उनसे कुछ कागजों, ईमेल की कॉपियों और खाली पन्नों पर जबरन हस्ताक्षर करवाए गए।

 

चोरी और फंसाने की साजिश के आरोप

विधि मुखर्जी ने अपने सौतेले भाइयों, पीटर मुखर्जी के बेटों राहुल और राबिन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इंद्राणी की गिरफ्तारी के बाद दोनों ने 7 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी और करोड़ों के पुश्तैनी गहने चुरा लिए। विधि ने ये भी दावा किया कि इस चोरी को छुपाने और संपत्ति पर कब्जा करने के लिए राहुल और राबिन ने अपनी मां को झूठे केस में फंसाया।

 

शीना और इंद्राणी के रिश्ते में द्वंद

विधि ने कोर्ट को बताया कि शीना बोरा ने खुद को इंद्राणी की बहन के रूप में पेश किया था, जबकि वह उनकी बेटी थी। दोनों के बीच रिश्ते तब बिगड़ने लगे जब राहुल मुखर्जी उनके घर आने लगा। विधि ने बताया कि राहुल का ड्रग्स से जुड़ा होना और शीना का भी इसमें शामिल हो जाना इस दरार की वजह बनी।

 

हत्याकांड की पृष्ठभूमि

शीना बोरा हत्याकांड की शुरुआत 2012 में हुई, जब इंद्राणी मुखर्जी पर अपनी बेटी शीना की हत्या का आरोप लगा। कथित तौर पर इंद्राणी ने अपने पूर्व पति संजीव खन्ना और ड्राइवर श्यामवर राय के साथ मिलकर शीना की हत्या की और शव को रायगढ़ के जंगल में जला दिया। यह मामला 2015 में खुला। इंद्राणी मुखर्जी 2022 में सुप्रीम कोर्ट से जमानत पर रिहा हुईं।

 

 

विधि का विवादित बयान और कोर्ट में धमाका

मंगलवार को विधि ने आरोपपत्र को “झूठा, मनगढ़ंत और जबरन साइन करवाया गया” बताया। उन्होंने कहा कि वह अपनी मां के खिलाफ किसी भी झूठे बयान का समर्थन नहीं करेंगी। विधि की इस गवाही ने पूरे केस की दिशा बदल दी है और नए सिरे से जांच की मांग उठाई जा रही है।

शीना बोरा हत्याकांड में इस नए मोड़ ने मामले को फिर से सुर्खियों में ला दिया है, जहां अब जांच एजेंसियां और कोर्ट इस नई जानकारी की गहनता से छानबीन कर रहे हैं।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix