
हाई वोल्टेज शिकारी जाल से युवक की मौत का खुलासा
तीन आरोपी गिरफ्तार, शव को कुएं में फेंककर छुपाया था राज
सरगुजा। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र के कुम्हर्ता गांव में पांच दिन पहले कुएं में मिले युवक की संदिग्ध मौत का राज आखिरकार पुलिस ने खोल दिया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों—बुधवार सिंह, मदन सिंह और बलराम सिंह को गिरफ्तार किया है।
हाई-वोल्टेज तार की चपेट में आने से हुई थी मौत
जांच में पता चला है कि मृतक हरेंद्र सिंह (27) की मौत जंगली सूअर का शिकार करने के लिए बिछाए गए हाई-वोल्टेज तार की जद में आने से हुई थी। आरोपियों ने खेत के पास बिजली का करंट प्रवाहित कर जाल लगाया था, जिसमें रात के अंधेरे में हरेंद्र उलझ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

डर में शव को कुएं में फेंका
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद आरोपी घबरा गए और अपनी करतूत छुपाने के प्रयास में हरेंद्र का शव लगभग 500 मीटर दूर स्थित एक कुएं में फेंक दिया। पांच दिन बाद ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को बरामद कर मामले में हत्या जैसे संदेहों के आधार पर जांच शुरू की थी।
23 नवंबर की रात लौट रहा था युवक
घटना वाली रात 23 नवंबर को हरेंद्र अपने परिचितों के साथ मैनपाट से लौटा था। गांव के चौक पर गाड़ी रुकने पर वह वहीं उतर गया था। इसके बाद वह अकेला घर की ओर पैदल रवाना हुआ था, लेकिन रास्ते में शिकारी जाल का शिकार बन गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



