
Balrampur : शॉप का शटर तोड़ा, चुराए सोना-चांदी के जेवरात
बलरामपुर में कोतवाली से महज एक किलोमीटर दूर स्थित धनंजय ज्वेलर्स में गुरुवार रात सोना-चांदी की चोरी हो गई। अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

चोरों ने दुकान से लगभग 400 से 500 ग्राम सोना और 10 से 14 किलोग्राम चांदी पर हाथ साफ किया है। दुकानदार के अनुसार, चोरी हुई ज्वेलरी की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। घटना का खुलासा सुबह करीब 5 बजे हुआ, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले आसपास के लोगों ने दुकान का ताला टूटा देखा।
उन्होंने तत्काल दुकानदार को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जिला मुख्यालय में हुई इस बड़ी चोरी की जानकारी मिलने पर एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, यह घटना रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हुई, जब बारिश हो रही थी। चोर पिकअप वाहन से आए थे और शातिर तरीके से चोरी कर फरार हो गए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात चोरों की तलाश कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



