
Shivrinarayan मेला हादसा: झूला संचालक पर FIR दर्ज, ‘आकाश झूला’ टूटने से 6 लोग हुए थे घायल
जांजगीर-चांपा: जांजगीर-चांपा जिले के प्रसिद्ध शिवरीनारायण मेले में मंगलवार को हुए दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मेले में लगे ‘आकाश झूले’ (Giant Wheel) के टूटने से 6 लोगों के घायल होने के मामले में पुलिस ने झूला संचालक उमेश गुप्ता के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। लापरवाही के चलते हुए इस हादसे ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
मंगलवार को जब मेला अपने पूरे शबाब पर था, तभी अचानक विशालकाय आकाश झूला का एक हिस्सा टूट गया। झूला ऊंचाई पर था, जिससे उस पर सवार लोग सीधे जमीन पर आ गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को मलबे से निकाला और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुँचाया।

घायलों की स्थिति: एक युवती बिलासपुर रेफर
हादसे में कुल 6 लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत चिंताजनक थी:
- भूमिका कश्यप (23 वर्ष): सक्ती जिले की रहने वाली भूमिका के सिर पर गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
- चंद्रकांता कश्यप (15 वर्ष): शबरी अस्पताल शिवरीनारायण में इलाज जारी है।
- गीताबाई साहू (50 वर्ष): पामगढ़ निवासी गीताबाई को साधारण चोटें आई हैं, वे भी अस्पताल में भर्ती हैं।
प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा पर सवाल
मेले में हजारों की भीड़ उमड़ रही है, ऐसे में झूलों की फिटनेस जांच (Fitness Certificate) को लेकर सवाल उठ रहे हैं। झूला संचालक उमेश गुप्ता के खिलाफ लापरवाही बरतने और लोगों की जान जोखिम में डालने के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम अब यह जांच कर रही है कि क्या झूला चलाने से पहले मैकेनिकल फिटनेस की अनुमति ली गई थी या नहीं।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



