
Bilaspur: शराब पीने को लेकर विवाद में ट्रक चालक की हत्या
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में पत्थर से हमला कर दो युवकों ने ली जान, शव को जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में शराब दुकान के पास हुई विवादित घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां शराब पीने को लेकर हुए विवाद में एक ट्रक चालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना 7 नवंबर की रात की बताई जा रही है।
शराब पीते समय हुआ विवाद
मृतक की पहचान गोपाल पिता मुन्ना कोल (26), निवासी सेमिया, थाना जुगैल, जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। गोपाल अपने वाहन के सिलसिले में बिलासपुर आया हुआ था और होटल ग्रैंड लोटस के पीछे बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और शराब पीने को लेकर गोपाल से विवाद करने लगे।

पत्थर से वार कर, कर दी हत्या
विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने पत्थर उठाकर गोपाल के सिर पर जोरदार हमला किया। गंभीर चोट लगने से गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी घबरा गए और मृतक की पहचान मिटाने की कोशिश में लग गए।
शव को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश
हत्या के बाद दोनों युवकों ने गोपाल का शव पास की झाड़ियों में फेंक दिया और सूखी झाड़ियों को आग लगा दी, ताकि शव को पहचानना मुश्किल हो जाए। इसके बाद दोनों आरोपी पास के तालाब में पहुंचे और खून के दाग मिटाने के लिए नहाए।
एक महीने बाद पुलिस के हाथ लगी सफलता
सिरगिट्टी पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य, तकनीकी विश्लेषण और संदिग्धों की गतिविधियों की पड़ताल के बाद पुलिस ने लगभग एक माह बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में कार्रवाई की है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



