
शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र की घटना, रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर शव फेंका
सक्ती। जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के जमगहन मुक्तिधाम के पास 23 अक्टूबर को मिले शव के मामले का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। मृतक की पहचान छोटूराम यादव, निवासी दलालपाली के रूप में हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की हत्या उसके ही परिचित दो युवकों ने शराब के लिए पैसे न देने पर की थी।

मुक्तिधाम के पास मिला था शव
23 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि जमगहन मुक्तिधाम के पास एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर जांच तेज की गई।
पूछताछ में हुआ सनसनीखेज खुलासा
जांच के दौरान पुलिस ने दलालपाली निवासी धरमु अजगळे और विनोद अजगळे को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि घटना के दिन उन्होंने छोटूराम से शराब पीने के लिए पैसे मांगे, लेकिन उसने देने से इंकार कर दिया। इससे गुस्से में आकर दोनों ने मिलकर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को मुक्तिधाम के पास फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजा
दोनों आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रस्सी बरामद कर ली है और दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



