
बर्थडे के नाम पर बेटे की शर्मनाक हरकत: पैसे नहीं मिले तो नशे में पिता को जमकर पीटा,आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बर्थडे मनाने के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक बेटे ने अपने ही पिता के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। घटना के बाद घायल पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पैसे न मिलने पर आग बबूला हुआ बेटा
कोतवाली थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नरेश सिंह राजपूत वार्ड क्रमांक 11, मुक्तिधाम के पास हरनाबांधा क्षेत्र में रहते हैं और ठेले पर सब्जी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। नरेश सिंह के दो बच्चे हैं, जिनमें बड़ा बेटा राहुल सूर्यवंशी है। बताया गया कि राहुल का जन्मदिन था, जिस पर उसने अपने पिता से 200 रुपये मांगे, जो पिता ने दे दिए। लेकिन 28 दिसंबर की रात राहुल शराब के नशे में दोबारा 300 रुपये मांगने लगा। पिता द्वारा पैसे न होने और अगले दिन देने की बात कहने पर बेटा आग-बबूला हो गया।

गाली-गलौज के बाद हाथ-मुक्कों से हमला
आरोपी बेटे ने गाली-गलौज करते हुए अपने पिता के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे नरेश सिंह को चोटें आईं। पीड़ित पिता ने हिम्मत जुटाकर कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी बेटे के खिलाफ धारा 115(2), 296, 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



