
शक्तिनगर तालाब में मछलियों की मौत: अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज, निगम पर लीपापोती का आरोप
दुर्ग, 29 जून 2025:
दुर्ग नगर निगम के वार्ड-17 में स्थित शक्तिनगर तालाब में बड़ी संख्या में मछलियों की मौत के मामले में जांच के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। निगम अधिकारी इस मामले को रफा-दफा करने की कोशिश में जुटे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
खरपतवार दवा छिड़काव का मामला
जानकारी के अनुसार, तालाब में खरपतवार मारने के लिए दवाओं का छिड़काव किया गया था, जिसके बाद मछलियों की मौत होने लगी।

यह छिड़काव निगम के स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर हुआ, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि यह दवा किसने और किसके कहने पर छिड़की। इस मामले में जिम्मेदारों के नाम उजागर न होने से सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया अज्ञात के खिलाफ मामला
मोहन नगर थाने में निगम के नोडल अधिकारी (स्वास्थ्य विभाग) की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 279 और 325 के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत सफाई दरोगा मनोहर सेन्दरे ने दर्ज कराई। हालांकि, इस कार्रवाई को महज खानापूर्ति माना जा रहा है, क्योंकि जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
पूर्व महापौर ने उठाई आवाज
निगम के पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल ने इस मामले में निगम अधिकारियों की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने जिम्मेदारों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो निगम के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। बाकलीवाल ने कहा कि कुछ लोगों को बचाने की कोशिश हो रही है, लेकिन वह जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



