
शहडोल में दर्दनाक हादसा: अयोध्या से लौट रहे छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं की वाहन पेड़ से टकराई, 3 महिलाओं की मौत, 15 घायल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या दर्शन की खुशी उस समय मातम में बदल गई, जब मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में उनकी टेम्पो एक भीषण हादसे का शिकार हो गई। सोमवार सुबह ब्यौहारी थाना क्षेत्र के जोरा गांव के पास तेज रफ्तार टेम्पो पेड़ से टकरा गई, जिसमें तीन महिलाओं की मौके पर मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए। घायलों में कई महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
हादसे का विवरण
जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ से करीब 20 श्रद्धालु अयोध्या में दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद सभी वाहन (CG10 BP-8657) में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब 5 बजे शहडोल जिले के जोरा गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और सवार लोग सड़क पर बिखर गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े।

तत्काल राहत और बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत ब्यौहारी के अस्पताल ले जाया गया। चार लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने मृतकों और घायलों की पहचान कर परिजनों को सूचित कर दिया है।
मृतकों और घायलों की जानकारी
हादसे में तीन महिलाओं, गायत्री कंवर (55 वर्ष), मालती पटेल (50 वर्ष) और इंदिरा बाई की मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि चार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों में कई महिलाएं और बच्चे शामिल हैं, जिनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
हादसे की जांच शुरू
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक का संतुलन खोना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। परिजनों को सूचित कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
👇👇हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



