
SDM आधी रात गांव पहुंचे, दफन शव को हटाने हो रहा था जमकर बवाल
धमतरी। जिले के दुगली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुनाईकेरा में धर्मांतरित व्यक्ति के शव को दफनाने को लेकर जमकर बवाल मच गया। घटना के बाद आदिवासी समाज और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। हालात इतने बिगड़ गए कि प्रशासन को देर रात हस्तक्षेप करना पड़ा। लगभग पांच घंटे चले हंगामे के बाद प्रशासन ने कब्र खुदवाकर शव को बाहर निकलवाया।
शव दफनाने पर भड़का विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक जलसिह नेताम ने करीब 15 वर्ष पहले ईसाई धर्म अपना लिया था। उसकी मृत्यु के बाद परिजनों ने शव को गांव में ही अपनी बाड़ी में दफना दिया। जैसे ही इसकी जानकारी ग्रामीणों और आदिवासी समाज के लोगों को मिली, उन्होंने इसका कड़ा विरोध शुरू कर दिया।

ग्रामीणों ने खोला मोर्चा
शव दफनाने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आदिवासी समाज के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। उनका कहना था कि गांव में इस तरह से शव दफनाने से सामाजिक और धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया और माहौल तनावपूर्ण बन गया।
प्रशासन और पुलिस बल मौके पर
स्थिति बिगड़ते देख सूचना पर एसडीएम, तहसीलदार और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रशासन ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक हालात नियंत्रण में नहीं आ सके। करीब पांच घंटे तक गांव में तनाव और हंगामे की स्थिति बनी रही।
कब्र खुदवाकर निकाला गया शव
लंबे समय तक चले विवाद के बाद प्रशासन ने निर्णय लेते हुए कब्र खुदवाई और शव को बाहर निकलवाया। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद हालात कुछ हद तक शांत हुए। अधिकारियों ने बताया कि अब शव को विधिवत रूप से धमतरी में दफनाया जाएगा।
गांव में तनाव का माहौल
घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस बल एहतियातन तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



