
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में सांभर शिकार मामला, 12 आरोपी गिरफ्तार
गरियाबंद | वन्यजीव संरक्षण पर बड़ी कार्रवाई
गरियाबंद: उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में सांभर के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग की एंटी पोचिंग टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में शामिल कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है। मामले की पुष्टि उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उप निदेशक वरुण जैन ने की है।
गश्त के दौरान मिले खून के निशान
उप निदेशक वरुण जैन के अनुसार 15 दिसंबर को कुल्हाड़ीघाट परिक्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान शेष पगार जलप्रपात के पास किसी अज्ञात वन्यप्राणी के रक्त के निशान पाए गए। इससे वन अमले को शिकार की आशंका हुई और तत्काल जांच शुरू की गई।

कैमरा ट्रैप और तकनीकी साक्ष्य बने आधार
घटना के बाद पेट्रोलिंग टीम ने कैमरा ट्रैप फुटेज, गोपनीय सूचना और अन्य तकनीकी साधनों की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद यह स्पष्ट हुआ कि क्षेत्र में सांभर का शिकार किया गया है और इसमें कई लोग शामिल थे।
12 शिकारी दबोचे गए
जांच के आधार पर एंटी पोचिंग टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से पूछताछ में शिकार से जुड़े अहम सुराग भी मिले हैं, जिसके आधार पर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



