
Surajpur : सरकारी स्कूल में शिक्षक की जगह बाहरी युवक, हेडमास्टर निलंबित
सूरजपुर (छत्तीसगढ़)। जिले के ओड़गी विकासखंड अंतर्गत मोहरसोप प्राथमिक शाला में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। सरकारी स्कूल में पदस्थ हेडमास्टर द्वारा बिना किसी अनुमति के एक बाहरी युवक को किराए पर शिक्षक के रूप में रखकर बच्चों को पढ़वाने का मामला उजागर हुआ है। जांच में दोषी पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने हेडमास्टर को निलंबित कर दिया है।

डीईओ के निर्देश पर हुई जांच
मामले की शिकायत मिलने के बाद सूरजपुर डीईओ अजय मिश्रा के निर्देश पर ओड़गी बीईओ प्रदीप सिंह द्वारा जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि हेडमास्टर डीएस सिंह ने बिना विभागीय अनुमति के एक युवक को पढ़ाने के लिए रखा था और अधिकारियों को बिना सूचना दिए ट्रेनिंग में चले गए थे।
जांच रिपोर्ट में लापरवाही की पुष्टि
जांच में पाया गया कि हेडमास्टर ने न तो किसी सक्षम अधिकारी से अनुमति ली और न ही इस संबंध में कोई लिखित सूचना दी। नोटिस के जवाब में भी हेडमास्टर यह स्पष्ट नहीं कर सके कि उन्होंने बाहरी युवक को किराए पर क्यों रखा।

हेडमास्टर डीएस सिंह सस्पेंड
लापरवाही सिद्ध होने पर डीईओ ने हेडमास्टर डीएस सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय प्रेमनगर निर्धारित किया गया है।

11 दिनों तक पढ़ाता रहा युवक
स्थानीय युवक पूर्ण देव यादव को हेडमास्टर द्वारा बच्चों को पढ़ाने के लिए रखा गया था। वह पिछले 11 दिनों से स्कूल में पढ़ा रहा था। युवक ने मीडिया को बताया कि उसकी कोई सरकारी नियुक्ति नहीं हुई है और हेडमास्टर ने उसे निजी तौर पर पैसे देने की बात कही थी।
शिक्षक विहीन हुआ स्कूल, वैकल्पिक व्यवस्था
हेडमास्टर के निलंबन के बाद प्राथमिक स्कूल शिक्षक विहीन हो गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पास के एक अन्य स्कूल से शिक्षक को अस्थायी रूप से अटैच कर दिया है, जहां पहले से दो शिक्षक पदस्थ थे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



