
सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 7.24 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
पेंड्रा-गौरेला से पकड़ाया ठग
स्कॉर्पियो और मोबाइल जब्त, भानुप्रतापपुर पुलिस की कार्रवाई
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। एक युवक से ₹7 लाख 24 हजार रुपए की ठगी कर फरार आरोपी को भानुप्रतापपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से ठगी की रकम से खरीदी गई स्कॉर्पियो और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

11 अक्टूबर को दर्ज हुई थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, संबलपुर निवासी 28 वर्षीय डिम्पल मानिकपुरी ने 11 अक्टूबर को भानुप्रतापपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने उसे सरकारी विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा दिया और विभिन्न किस्तों में ₹7.24 लाख ले लिए, लेकिन नौकरी नहीं मिली।
तकनीकी जांच से मिला सुराग
शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। मोबाइल लोकेशन और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी का लोकेशन पेंड्रा-गौरेला-मरवाही में ट्रेस किया। इसके बाद टीम ने दबिश देकर आरोपी को पकड़ा।
ठगी की रकम से खरीदी स्कॉर्पियो ज़ब्त
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी की रकम से खरीदी गई महंगी स्कॉर्पियो कार और मोबाइल जब्त किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने ठगी की बात कबूल कर ली है।
नौकरी का लालच देकर करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवाओं को विभिन्न विभागों में नौकरी लगवाने का सपना दिखाता था और उनसे भारी रकम वसूलता था। नौकरी न मिलने पर पीड़ितों को धमकाया भी जाता था।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



