
Durg में मार्ग जाम और शासकीय कार्य में बाधा प्रकरण: दो और आरोपी गिरफ्तार
बिना अनुमति प्रदर्शन कर किया था आवागमन बाधित
दुर्ग। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में बिना अनुमति मार्ग अवरुद्ध कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस प्रकरण में 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। अब तक कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिसकर्मियों से हाथापाई, कई जवान घायल
पुलिस के अनुसार 1 दिसंबर 2025 को पटेल चौक, बीएसएनएल ऑफिस के सामने कुछ व्यक्तियों द्वारा जमीन रजिस्ट्री की बढ़ी हुई दरों के विरोध में बिना पूर्व अनुमति के मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया गया था। मौके पर तैनात पुलिस बल द्वारा समझाइश दिए जाने पर प्रदर्शनकारियों ने उग्र व्यवहार करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से हाथापाई की और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।

घटना में प्रधान आरक्षक राधेश्याम चंद्राकर, आरक्षक केशव कुमार, आरक्षक तुषार सलामे, आरक्षक अजय साहू एवं आरक्षक हिमांशु जंघेल को चोटें आई थीं।
भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज
घटना के संबंध में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 609/2025 धारा 221, 126(2), 191(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
हाईकोर्ट से जमानत के बाद की गई गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान पूर्व में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। वहीं प्रकरण के दो अन्य आरोपी शुभम सिंह राजपूत और गीतेश कुमार ठाकुर को माननीय उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद विधिवत गिरफ्तार कर सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर जमानत मुचलके पर रिहा किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- अनिल वासनिक (43 वर्ष), अंबेडकर नगर, दुर्ग
- विक्की चंद्राकर (32 वर्ष), शीतला नगर, दुर्ग
- दिनेश पाण्डेय (35 वर्ष), गयानगर, दुर्ग
- राकेश यादव (38 वर्ष), गयानगर, दुर्ग
- जितेन्द्र बत्रा (41 वर्ष), सिंधी कॉलोनी, स्टेशन रोड, दुर्ग
- मनोज राजपूत (50 वर्ष), सिकोला भाठा, दुर्ग
- शुभम सिंह राजपूत (24 वर्ष), कर्मचारी नगर, दुर्ग
- गीतेश कुमार ठाकुर (27 वर्ष), वर्तमान पता कर्मचारी नगर, दुर्ग
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी यशवंत सिंह राजपूत निवासी बोरसी, दुर्ग एवं ओमप्रकाश कोटवानी सहित अन्य की तलाश लगातार की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



