
सरगुजा में तांत्रिक के नाम पर ठगी, किसान से 13 लाख नकद और जेवरात ऐंठे
गड़ा सोना दिलाने और जादू-टोने का डर दिखाकर किया गया धोखा
सरगुजा। जिले के सेदम थाना क्षेत्र में एक किसान के साथ ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। कथित तांत्रिक ने गड़ा सोना दिलाने और जादू-टोने का भय दिखाकर किसान से 13 लाख रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के जेवरात ठग लिए। पीड़ित किसान महेंद्र सिंह पैकरा और उनके परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

अक्टूबर 2025 में हुई थी घटना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना अक्टूबर 2025 की है। 5 अक्टूबर की सुबह सूरज तिवारी नाम का व्यक्ति साधु का भेष धारण कर महेंद्र सिंह पैकरा (37 वर्ष) के घर पहुंचा। उसने खुद को महाराष्ट्र के नासिक का निवासी बताया।
बेटी पर जादू-टोने का झांसा दिया
कथित तांत्रिक ने किसान को यह कहकर डराया कि उसकी बेटी पर किसी ने जादू-टोना कर दिया है, जिससे परिवार पर संकट मंडरा रहा है। इसके समाधान के लिए विशेष पूजा-पाठ और तांत्रिक उपाय करने की बात कही।
गड़ा सोना निकालने का लालच देकर ऐंठे पैसे
सूरज तिवारी ने यह भी दावा किया कि किसान की जमीन में गड़ा हुआ सोना है, जिसे विशेष अनुष्ठान के जरिए निकाला जा सकता है। इसी झांसे में आकर किसान और उसके परिवार ने उसे 13 लाख रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के जेवरात सौंप दिए।
पैसे लेकर फरार हुआ तांत्रिक
पैसे और जेवरात लेने के बाद कथित तांत्रिक गांव से फरार हो गया। काफी समय बीतने के बाद जब वह वापस नहीं लौटा, तब पीड़ित परिवार को ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धारा 318(4) BNS के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। सेदम थाना पुलिस कथित तांत्रिक सूरज तिवारी की तलाश में जुटी हुई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



