
सरगुजा में कपड़ा दुकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में रविवार देर रात एक कपड़े की दुकान में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। इस अग्निकांड में करीब 30 लाख रुपये का कपड़ा और 5 लाख रुपये से अधिक का फर्नीचर जलकर खाक हो गया। घटना बतौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंबिकापुर-सीतापुर मेन रोड पर स्थित शांतिपारा की है।

रात 2:30 बजे धुएं और लपटें देखकर मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, शांतिपारा में स्थित अमित क्लॉथ स्टोर्स से रात करीब 2:30 बजे अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। हाइवे से गुजर रहे चारपहिया वाहन सवारों ने यह नजारा देखा और तत्काल वाहन रोककर दुकान के पास रहने वाले परमेश्वर गुप्ता को जगाकर घटना की जानकारी दी।

फायर ब्रिगेड ने एक घंटे में पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही दुकान संचालकों और फायर ब्रिगेड को अवगत कराया गया। आग इतनी भीषण थी कि दुकान के दोनों शटर तपने लगे थे और लपटें बाहर तक दिखाई दे रही थीं। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी दुकान जल चुकी थी।
पास की किराना दुकान और मकान सुरक्षित
आग की भयावहता के बावजूद दुकान से सटी किराना दुकान आग की चपेट में आने से बच गई। समय रहते सूचना मिलने के कारण आग दुकान के पीछे बने मकान तक नहीं फैल सकी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
अमित क्लॉथ स्टोर्स के संचालक नवीन गुप्ता ने बताया कि वे रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। उन्होंने आशंका जताई है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। आगजनी में दुकान के अंदर रखा सारा कपड़ा और फर्नीचर पूरी तरह नष्ट हो गया।
परिवार सदमे में, पुलिस कर रही जांच
नवीन गुप्ता का परिवार दुकान के पीछे बने मकान में ही रहता है। आग के दौरान दुकान के अंदर बने कमरे तक धुआं भर गया था। फिलहाल बतौली पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद से दुकान संचालक और उनका परिवार गहरे सदमे में है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



