
पूर्व उप सरपंच हत्याकांड का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, रंजिश में दी वारदात को अंजाम
बिलासपुर। जिले में पूर्व उप सरपंच सूर्यप्रकाश बघेल की हुई रहस्यमयी हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था। घटना में उपयोग किए गए लोहे के पाइप और लकड़ी के बेंत को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
जंगल में मिला था खून से लथपथ शव
5 दिसंबर को भैंसाझार के जंगल में एक युवक का खून से सना शव संदिग्ध परिस्थिति में मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें मृतक की पहचान सूर्यप्रकाश बघेल, पूर्व उप सरपंच, के रूप में हुई। वह कुछ दिनों से लापता था और परिजनों ने 4 दिसंबर को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

तकनीकी जांच में सामने आए सुराग
प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मानते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि रंजीत खाण्डे और सुधीर खाण्डे का मृतक से पहले भी विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई और मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी गिरफ्तार, कार्रवाई जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए हैं। हत्याकांड में शामिल अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



