
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 615 बोरी अवैध धान जब्त, मंडी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध धान भंडारण और खरीदी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर मंडी समिति और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए कुल 615 बोरी धान (लगभग 245 क्विंटल) जब्त किया। यह कार्रवाई मंडी अधिनियम के तहत की गई है।

पहली कार्रवाई: चंद्रा ट्रेडर्स और भोजराम साहू के गोदाम में 482 बोरी धान बरामद
पहली बड़ी कार्रवाई मंडी समिति की जांच टीम ने की। इस दौरान चंद्रा ट्रेडर्स उलखर और भोजराम साहू कुधरी के दुकान एवं गोदाम परिसर की जांच की गई।
जांच के दौरान वहां 482 बोरी धान (192.80 क्विंटल) अवैध रूप से भंडारित पाया गया। मंडी अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार धान को मौके पर जप्त कर जप्ती प्रकरण दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई में भी मिला अवैध भंडारण
इसी क्रम में मंडी समिति और राजस्व टीम ने एक अन्य स्थान पर भी छापामारी की, जहां से 133 बोरी धान (52.20 क्विंटल) बरामद हुआ। टीम ने मौके पर मौजूद व्यक्तियों से पूछताछ की, लेकिन वे धान के स्रोत या खरीदी संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
कलेक्टर के निर्देश पर बढ़ी सख्ती
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने मंडी अधिनियम के तहत अवैध धान खरीदी और भंडारण पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केंद्रों के खुलने से पहले ऐसे कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



