
पुलिस अधिकारी की कार से स्कूटी सवार को टक्कर, युवक की हालत गंभीर
सारंगढ़–बिलाईगढ़। बिलासपुर कलेक्ट्रेट चौक के पास बिलासपुर रोड पर मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पुलिस अधिकारी की कार ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायल की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है।

हादसे के बाद बेकाबू हुई कार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद कार चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू कार सड़क पर लगे दो बैरिकेड्स को तोड़ते हुए सीधे डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना तेज था कि मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
दोनों वाहनों पर पुलिस का चिन्ह
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि दुर्घटना में शामिल कार और स्कूटी, दोनों पर ही पुलिस का चिन्ह अंकित था। इससे घटनास्थल पर मौजूद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
नशे की हालत में कार चलाने का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार चला रहा पुलिस अधिकारी कथित तौर पर नशे की हालत में था। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



