
सारंगढ़ में ठगी कांड: मुख्य आरोपी शिवा साहू की मां समेत दो गिरफ्तार
सारंगढ़-बिलाईगढ़। करोड़ों रुपए की ठगी के चर्चित मामले में सरसीवां पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवा साहू की मां चंद्रकला साहू और सहयोगी धर्मेश साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पैसों के अधिकांश लेनदेन चंद्रकला साहू के हस्ताक्षर से ही किए जाते थे।

ढाई गुना रिटर्न का लालच देकर फंसाते थे लोग
पुलिस के अनुसार शिवा साहू ने ‘द जनरी ग्रुप’ के नाम से एक निवेश योजना शुरू कर लोगों को आठ महीने में उनकी जमा रकम को ढाई गुना करने का लालच दिया। तेजी से बढ़ते निवेश के चलते उसने जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में करोड़ों रुपए की ठगी को अंजाम दिया।
लग्जरी गाड़ियां, सोना-चांदी और जमीन के दस्तावेज जब्त
जांच टीम ने शिवा साहू के ठिकानों पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में
•सोना-चांदी,
•महंगी लग्जरी गाड़ियां,
•जमीनों के दस्तावेज,
•नकद राशि,
•कई बैंक खातों के रिकॉर्ड

जब्त किए हैं। पुलिस ने न्यायालय में रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसके आधार पर कोर्ट ने सम्पत्तियों की कुर्की का आदेश जारी कर दिया है।
मुख्य आरोपी अब भी पुलिस रडार पर
हालांकि पुलिस ने दो महत्वपूर्ण आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मुख्य आरोपी शिवा साहू की गतिविधियों और उसके नेटवर्क की जांच अभी जारी है। पुलिस का कहना है कि इस ठगी में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



