
Surajpur : शराब के नशे में स्कूल पहुंचे हेडमास्टर सस्पेंड
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। शराब के नशे में स्कूल पहुंचने वाले एक हेडमास्टर को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने निलंबित कर दिया है। हेडमास्टर का नशे की हालत में जमीन पर सोते और बच्चों को पढ़ाने की कोशिश करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

रामानुजनगर ब्लॉक का मामला
यह घटना रामानुजनगर ब्लॉक के भुनेश्वरपुर स्थित नर्मदापारा प्राथमिक स्कूल की है। जानकारी के अनुसार, 2 फरवरी को स्कूल के हेडमास्टर निरंजन कुशवाहा शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे। स्कूल पहुंचने के बाद वे अपने कक्ष में फर्श पर लेटकर सोते हुए पाए गए।

ग्रामीणों ने बनाया वीडियो
हेडमास्टर की हालत देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना अन्य लोगों को दी और स्कूल पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने हेडमास्टर का वीडियो बना लिया। वीडियो में वे नशे की हालत में नजर आ रहे हैं। वीडियो बनते देख हेडमास्टर बच्चों को पढ़ाने की कोशिश करने लगे, लेकिन लड़खड़ाते हुए पढ़ाते दिखाई दिए।
गैस की समस्या बताकर दी सफाई
वीडियो बनाए जाने पर हेडमास्टर ने अपनी सफाई में कहा कि उन्हें पेट में गैस की समस्या थी, इसलिए वे जमीन पर लेटे थे। हालांकि ग्रामीणों और अन्य शिक्षकों ने उनकी इस बात को नकार दिया।

पहले भी नशे में स्कूल आने के आरोप
ग्रामीणों की सूचना पर रामानुजनगर के बीईओ डीएस लकड़ा स्कूल पहुंचे और शिक्षकों व ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। बयान में बताया गया कि हेडमास्टर निरंजन कुशवाहा पहले भी कई बार शराब के नशे में स्कूल आते रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों से गाली-गलौच का आरोप
मामले में यह भी सामने आया है कि हेडमास्टर ने फोन पर बातचीत के दौरान जनप्रतिनिधियों से गाली-गलौच की थी। स्कूल में कक्षा पहली से पांचवीं तक कुल 23 छात्र अध्ययनरत हैं और हेडमास्टर सहित कुल तीन शिक्षक पदस्थ हैं।

डीईओ ने जारी किया निलंबन आदेश
बीईओ की जांच रिपोर्ट और निलंबन की अनुशंसा के बाद सूरजपुर के जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने हेडमास्टर निरंजन कुशवाहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय प्रतापपुर बीईओ कार्यालय निर्धारित किया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



