
Durg : संयुक्त सड़क सुरक्षा बैठक में यातायात सुधार के अहम प्रस्तावों को मिली मंजूरी
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित संयुक्त सड़क सुरक्षा बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, जिन्हें स्वीकृति प्रदान की गई।
खुर्सीपार एवं सिरसा गेट में फ्लाईओवर निर्माण को हरी झंडी
खुर्सीपार एवं सिरसा गेट क्षेत्र में लगातार लगने वाले यातायात जाम की गंभीर समस्या के स्थायी समाधान हेतु फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण का प्रस्ताव बैठक में रखा गया था। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद अब इस क्षेत्र में फ्लाईओवर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
फ्लाईओवर के निर्माण से मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा, जाम की समस्या में सुधार आएगा तथा वाहनों का आवागमन अधिक तेज, सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।
स्मृति नगर से आरोग्यम हॉस्पिटल तक बनेगी नई सर्विस रोड
स्मृति नगर झरोखा पैलेस से आरोग्यम हॉस्पिटल तक सर्विस रोड के अभाव के कारण इस मार्ग पर भारी यातायात दबाव, अव्यवस्थित पार्किंग एवं रॉन्ग साइड वाहन संचालन की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी।
इस समस्या के समाधान हेतु बोगदा पुलिया, कातुलबोड़ से आरोग्यम हॉस्पिटल तक नवीन सर्विस रोड निर्माण का प्रस्ताव रखा गया, जिसे बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई।
सड़क सुरक्षा और यातायात प्रवाह में होगा सुधार
नई सर्विस रोड के निर्माण से मुख्य मार्ग पर वाहनों का भार कम होगा, यातायात प्रवाह नियंत्रित रहेगा तथा रॉन्ग साइड वाहन संचालन पर प्रभावी अंकुश लगेगा। इससे सड़क सुरक्षा के स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।
नागरिकों को मिलेगा सीधा लाभ
दोनों प्रस्तावों के स्वीकृत होने से शहर में नए वैकल्पिक मार्ग एवं ओवरब्रिज की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे नागरिकों को यातायात जाम से राहत, यात्रा समय की बचत और अधिक सुरक्षित व सुव्यवस्थित आवागमन का लाभ मिलेगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



