
सारंगढ़-बिलाईगढ़: ट्रैक्टर पलटने से अधेड़ ग्रामीण की मौत, दो लोग बाल-बाल बचे
सामान लेकर गांव लौटते समय हुआ हादसा, सरिया थाना क्षेत्र के भटली चौक के पास पलटा ट्रैक्टर
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटने से एक अधेड़ ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग बाल-बाल बच गए। घटना की जानकारी मिलने पर सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

भवन निर्माण सामग्री लेकर लौट रहा था ग्रामीण
मिली जानकारी के अनुसार, सुरशी गांव निवासी प्रताप साहू (58 वर्ष) मंगलवार को अपने घर के भवन निर्माण के लिए सरिया से छड़, सीमेंट और अन्य सामान लेकर ट्रैक्टर में सवार होकर लौट रहे थे। ट्रैक्टर में उनके साथ दो अन्य ग्रामीण भी मौजूद थे।
नियंत्रण खोने से सड़क किनारे पलटा ट्रैक्टर
बताया जा रहा है कि जब ट्रैक्टर परसरामपुर के आगे भटली चौक के पास पहुंचा, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्राली में बैठे प्रताप साहू लोड सामानों के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अन्य दो साथी किसी तरह कूदकर बच निकले।
पुलिस ने किया शव बरामद, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



