
कुत्ते को सुंघाकर ट्रे में रखा समोसा: नाश्ता दुकान में जमकर बवाल, दोनों पक्षों पर FIR
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार शाम एक मामूली बात ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। समोसे को कुत्ते को सुंघाने के बाद वापस ट्रे में रखने को लेकर नाश्ता दुकान संचालक और एक युवक के बीच ऐसा बवाल मचा कि मामला मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। यह घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र के सुंदर नगर की है।

कुत्ते को सुंघाया समोसा
मिली जानकारी के अनुसार, सुंदर नगर निवासी युवक अक्षय अपने पालतू कुत्ते के साथ नाश्ता दुकान पर पहुंचा था। उसने एक समोसा लिया और कुत्ते को खिलाने की कोशिश की। कुत्ते के समोसा नहीं खाने पर युवक ने वही समोसा दोबारा ट्रे में रख दिया। इस हरकत पर दुकानदार ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
दुकानदार की पत्नी से बदसलूकी का आरोप
नाश्ता दुकान संचालक ने आरोप लगाया कि उस वक्त दुकान पर उसकी पत्नी मौजूद थी। युवक कथित तौर पर नशे की हालत में था और समोसे के बाद दुकान में रखी अन्य खाद्य सामग्री को भी कुत्ते को सुंघाने लगा। जब पत्नी ने ऐसा करने से मना किया तो युवक ने कथित रूप से पेट पर लात मारी और जान से मारने की धमकी दी।
धारदार हथियार से मारपीट का आरोप
घटना की जानकारी मिलने पर जब दुकानदार मौके पर पहुंचा और युवक से विवाद का कारण पूछा, तो युवक ने फिर से गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई।

दोनों पक्षों की ओर से FIR
मामले में दुकानदार पक्ष की शिकायत पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं युवक अक्षय की बहन ने भी थाने पहुंचकर नाश्ता दुकान संचालक संदीप सिंह जुनेजा, कन्हैया महावर और अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।फिलहाल डीडी नगर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



