
रामानुजगंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3 लाख के अवैध साल लट्ठे जब्त — ट्रक चालक फरार
रामानुजगंज। जिले में वन विभाग ने अवैध साल तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 लाख रुपये मूल्य के साल लट्ठों को जब्त किया है। यह कार्रवाई वनमंडल अधिकारी बलरामपुर आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देश और उपवनमंडल अधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में वनपरिक्षेत्र अधिकारी निखिल सक्सेना के नेतृत्व में की गई।
संदिग्ध ट्रक की सूचना पर हुई कार्रवाई
वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रिंग रोड स्थित संतोष कुमार गुप्ता गाड़ी गैरेज के पास एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है, जिसमें अवैध तरीके से साल लट्ठे लोड कर तस्करी की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर रवाना हुई और संदिग्ध ट्रक क्रमांक CG 15 AC 5057 की जांच की।

21 नग साल लट्ठे बरामद
जांच में पता चला कि ट्रक में 21 नग साल लट्ठे बिना किसी वैध दस्तावेज के लोड किए गए थे। वन अधिकारियों ने तत्काल जंगल उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए लट्ठों सहित ट्रक को जब्त कर लिया। बरामद साल लट्ठों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है।
ट्रक चालक फरार, जांच जारी
कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। वन विभाग ने चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध लकड़ी तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



