
धर्मांतरित बुजुर्ग के अंतिम संस्कार को लेकर बवाल, ग्रामीणों के विरोध के बीच प्रशासन ने कराया समाधान
बालोद। गुंडरदेही थाना क्षेत्र के परसदा गांव में रविवार को एक धर्मांतरित बुजुर्ग के अंतिम संस्कार को लेकर भारी हंगामा खड़ा हो गया। 85 वर्षीय लच्छन साहू, जो कई वर्षों से ईसाई धर्म अपना चुके थे, का इलाज के दौरान निधन हो गया था। परिजन उनकी इच्छा के अनुसार दफन संस्कार करने के लिए शव को गांव लाए, लेकिन ग्रामीणों एवं हिंदू संगठनों ने सार्वजनिक श्मशान घाट में दफनाने का जोरदार विरोध किया।
गांव में हो गया था तनाव वाला माहौल
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के सार्वजनिक श्मशान में दफनाने की परंपरा नहीं है, जबकि बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने भी धर्मांतरण का मुद्दा उठाते हुए दफनाने की अनुमति देने से इनकार किया। इसके चलते परिजनों और ग्रामीणों के बीच बहस बढ़ती गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

विवाद की सूचना मिलते ही गुंडरदेही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने करीब एक घंटे तक दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति शांत करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपने विरोध पर अड़े रहे। धीरे-धीरे भीड़ जुटने लगी और तनाव चार घंटे तक बना रहा।
प्रशासन ने कराया समाधान
आखिरकार, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस और दोनों पक्षों के बीच लंबी बातचीत के बाद समाधान निकाला गया। तय हुआ कि मृतक का अंतिम संस्कार गांव की सार्वजनिक भूमि में न करके उनकी निजी ज़मीन पर किया जाए। इसके बाद परिजन शव को लेकर अपने खेत पहुंचे और वहीं दफन संस्कार संपन्न कराया गया।

शाम को खत्म हुआ विवाद
दोपहर 1 बजे शुरू हुआ विवाद शाम 5 बजे जाकर शांत हुआ। घटना के बाद गांव का माहौल सामान्य है, हालांकि धर्मांतरण और धार्मिक परंपराओं को लेकर चर्चा का दौर फिर शुरू हो गया है। पुलिस ने शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह से दूर रहने की अपील की।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



