
नया रायपुर में ‘बुलडोजर’ पर बवाल: नवागांव और खपरी में अतिक्रमण हटाने गई टीम का भारी विरोध, 16 ग्रामीण गिरफ्तार
रायपुर। नया रायपुर (नवा रायपुर) क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर गुरुवार को स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। नवागांव और खपरी गांव में एनआरडीए (NRDA) की टीम जब बुलडोजर लेकर अवैध निर्माण तोड़ने पहुँची, तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस और ग्रामीणों के बीच जमकर झूमाझटकी हुई, जिसके बाद पुलिस ने 16 ग्रामीणों को हिरासत में लेकर माना थाने भेज दिया है।

नवागांव में 17 और खपरी में 7 मकानों पर चला बुलडोजर
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे प्रशासनिक और एनआरडीए की टीम पुलिस बल के साथ नवागांव पहुँची। यहाँ 17 अवैध निर्माणों को ढहाया गया। इसके बाद टीम खपरी गांव की ओर बढ़ी, जहाँ 7 मकानों को तोड़ने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई शुरू होते ही ग्रामीण लामबंद हो गए और उन्होंने टीम को मुख्य मार्ग पर ही रोक दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि जिन घरों को तोड़ा जा रहा है, उनमें से कुछ प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत बने हुए हैं।
प्रशासन और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस
खपरी गांव में ग्रामीणों ने “पुरखौती जमीन किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेंगे” के नारे लगाते हुए चक्काजाम की स्थिति पैदा कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें महज एक महीने पहले नोटिस दिया गया था, लेकिन बिना किसी ठोस बातचीत या समाधान के सीधे बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच घंटों तीखी बहस चलती रही।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 16 हिरासत में
कार्रवाई के दौरान पैदा हुए तनाव और झूमाझटकी को देखते हुए पुलिस ने मोर्चा संभाला। शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में 16 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। वर्तमान में सेक्टर 27, 28 और 29 क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एनआरडीए का कहना है कि यह जमीन सरकारी है और पहले भी खाली करने के निर्देश दिए गए थे, जबकि ग्रामीण इसे अपनी पुश्तैनी जमीन बताकर मुआवजे और विस्थापन की मांग पर अड़े हुए हैं।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



