
सामाजिक बैठक के दौरान हंगामा: महिलाओं ने मारपीट कर लोगों पर फेंका टॉयलेट क्लिनर, पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लिया
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक सामाजिक बैठक के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र में आयोजित इस बैठक में एक परिवार की महिलाओं ने अचानक गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। स्थिति तब बिगड़ गई जब उन्होंने उपस्थित लोगों पर टॉयलेट क्लिनर फेंक दिया, जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अचानक भड़क उठी सभी महिलाएँ
जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थ नगर निवासी संजोग सूर्या, उनकी तीन बेटियों और दो सहेलियों के गलत गतिविधियों में शामिल होने की शिकायतों के बाद सोमवार शाम काली मंदिर प्रांगण में सामाजिक बैठक बुलाई गई थी। बैठक में उन्हें समझाइश दी जा रही थी, लेकिन इसी दौरान सभी महिलाएँ भड़क गईं और उन्होंने विवाद शुरू कर दिया।
टॉयलेट क्लिनर फेंककर कई लोगों को किया घायल
बताया जा रहा है कि महिलाओं ने धारदार हथियार से मारपीट की और इसके बाद टॉयलेट क्लिनर फेंककर कई लोगों को घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और टॉयलेट क्लिनर फेंकने वाली सभी महिलाओं को हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


