
कृषि महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा का पाठ, न्यायमूर्ति सप्रे ने छात्रों को किया जागरूक
रायपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत राजधानी रायपुर के कृषि महाविद्यालय में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वामी विवेकानंद सभागार में हुए इस कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट ऑन रोड सेफ्टी कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व न्यायाधीश माननीय अभय मनोहर सप्रे ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का सख्त संदेश दिया।

यह कार्यक्रम भारत सरकार के निर्देशानुसार 01 से 31 जनवरी 2026 तक मनाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात पुलिस रायपुर, कृषि महाविद्यालय रायपुर एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
सड़क हादसे दैवीय नहीं, मानवीय लापरवाही का नतीजा
अपने प्रेरक उद्बोधन में न्यायमूर्ति सप्रे ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं किस्मत नहीं बल्कि लापरवाही का परिणाम होती हैं। हेलमेट न पहनना, सीट बेल्ट न लगाना, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना और तेज रफ्तार जानलेवा साबित होती है। उन्होंने वीडियो क्लिप के माध्यम से बताया कि हेलमेट कैसे जीवन रक्षक बनता है।
छत्तीसगढ़ हादसों में 12वें स्थान पर
न्यायमूर्ति सप्रे ने चौंकाने वाले आंकड़े साझा करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ सड़क दुर्घटनाओं में देश में 12वें स्थान पर है। वर्ष 2025 में केवल रायपुर में 618 लोगों की सड़क हादसों में मौत हुई, जिनमें से करीब 70 प्रतिशत दोपहिया वाहन चालक थे। उन्होंने युवाओं से अपील की कि हेलमेट चालान के डर से नहीं, बल्कि अपने परिवार और भविष्य के लिए पहनें।
गुड सेमेरिटन का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले 5 गुड सेमेरिटन —
1. नगीना रात्रे
2. महेश पोद्दार
3. जगमोहन साहू
4. प्रफुल्ल साहू
5. गागेंद्र सिंह राजपूत
को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
सड़क सुरक्षा की शपथ
संयुक्त सचिव शिक्षा विभाग श्रीमती फरिहा आलम सिद्दीकी ने विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों और नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई। कृषि महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे ने छात्र-छात्राओं से कॉलेज में प्रवेश से पूर्व दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की।

कार्यक्रम में अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर, डीआईजी यातायात एम. आर. अहीरे, एआईजी यातायात संजय शर्मा, डीएसपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर, आरटीओ रायपुर आशीष देवांगन, एआरटीओ प्रतीक शुक्ला, यातायात पुलिस के जवान, प्राध्यापकगण, एनएसएस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



