
फूड इंस्पेक्टर 90 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार
बिलासपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे ट्रैप अभियान के तहत एसीबी/आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मस्तूरी क्षेत्र के फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार को 90,000 रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह इस वर्ष की लगातार चौथी ट्रैप कार्रवाई बताई जा रही है।
दुकान आबंटन के एवज में मांगी थी 1 लाख की रिश्वत
जानकारी के अनुसार, ग्राम विद्याडीह निवासी महेंद्र पटेल ने 3 फरवरी को आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव में संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान को शैल स्व सहायता समूह विद्याडीह को आबंटित करने के लिए आवेदन एसडीएम मस्तूरी कार्यालय में पहले ही किया जा चुका था।

आरोप है कि फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार ने दुकान आबंटन का आदेश दिलाने के बदले 1 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी।
ट्रैप की योजना बनाकर की गई गिरफ्तारी
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के तहत प्रार्थी द्वारा 90,000 रुपए की राशि फूड इंस्पेक्टर को देने के दौरान महावीर सिटी, बिलासपुर स्थित उसके आवास पर एसीबी टीम ने दबिश दी और आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।
टीम ने आरोपी के कब्जे से पूरी राशि बरामद कर ली है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही उसके आवास पर सर्च अभियान भी चलाया जा रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, इस वर्ष एसीबी बिलासपुर द्वारा तहसीलदार, पटवारी, एसडीएम के बाबू और सीएसपीडीसीएल के अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ भी ट्रैप कार्रवाई की जा चुकी है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख
एसीबी अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई लोकसेवक रिश्वत की मांग करता है तो तुरंत एसीबी को सूचित करें। शिकायत मिलने पर तत्काल सत्यापन और ट्रैप कार्रवाई की जाती है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



