
Raipur : रील्स देखकर ज्वेलरी दुकानों में चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, 8 मामलों का खुलासा
रील्स देखकर ज्वेलरी दुकानों में चोरी करने वाले शातिर गिरोह का रायपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई 08 चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए कुल 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक विधि के साथ संघर्षरत बालक भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से करीब 28 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और मोटरसाइकिल जब्त की गई है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला के सतत् मॉनिटरिंग में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) द्वारा की गई।

कई थाना क्षेत्रों में फैली थीं चोरी की वारदातें
पुलिस के अनुसार, चोरी की घटनाएं खम्हारडीह, डी.डी. नगर, पुरानी बस्ती, विधानसभा, पंडरी, आरंग और बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्रों में हुई थीं। इनमें सूने मकानों में ताला तोड़कर चोरी, ज्वेलरी दुकानों से सोने के लॉकेट और मंगलसूत्र उड़ाने और मोटरसाइकिल चोरी जैसी घटनाएं शामिल हैं।

सूने मकानों को बनाते थे निशाना
खम्हारडीह और डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में आरोपियों ने परिवार के बाहर जाने के दौरान सूने मकानों को निशाना बनाया। घरों के ताले तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी की गई। इन मामलों में हिस्ट्रीशीटर संजय नेताम उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया गया, जिसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
ज्वेलरी दुकानों में रील्स देखकर करते थे चोरी
आरंग, पलारी और पंडरी क्षेत्र में सक्रिय आरोपियों ने सोशल मीडिया पर देखी गई चोरी की रील्स से तरीका सीखकर वारदातों को अंजाम दिया। दुकानों में ग्राहक बनकर प्रवेश करते, जेवर दिखाने के दौरान ध्यान भटकाकर सोने के लॉकेट और मंगलसूत्र चोरी कर फरार हो जाते थे।

गिरफ्तार आरोपी
•संजय नेताम उर्फ गोलू – हिस्ट्रीशीटर, कई थानों में दर्ज हैं मामले
•भूपेंद्र पटेल उर्फ गजनी
•करण टांडी
•प्रमोद कुमार चतुर्वेदी
•रितेश कुर्रे
•रुद्रांश श्रीवास्तव
•01 विधि के साथ संघर्षरत बालक
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



