
शिक्षा के मंदिर में धार्मिक किताबें! जशपुर के स्कूल में ‘बाइबिल’ बांटने से हड़कंप, DEO तक पहुँची शिकायत
जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शिक्षा के मंदिर में धार्मिक किताबें बांटने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। केरसई स्थित एक शासकीय स्कूल में पदस्थ शिक्षक ने छात्राओं को पाठ्यक्रम की किताबों के बजाय धार्मिक ग्रंथ ‘बाइबिल’ थमा दी। मामला उजागर होते ही स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
कक्षा 11वीं और 12वीं की छात्राओं को बांटी गईं किताबें
मिली जानकारी के अनुसार, केरसई शासकीय स्कूल में व्याख्याता (Lecturer) के रूप में पदस्थ दीपक तिग्गा अचानक स्कूल में बाइबिल की प्रतियां लेकर पहुंचे। उन्होंने कक्षा 11वीं और 12वीं की छात्राओं को बुलाकर ये किताबें वितरित कर दीं। जब स्कूल के अन्य स्टाफ और प्राचार्य को इसकी भनक लगी, तो उन्होंने इस पर कड़ा ऐतराज जताया।
प्राचार्य ने मोर्चा संभाला, DEO को लिखा पत्र
स्कूल के प्राचार्य ने इस कृत्य को अनुशासनहीनता और पद का दुरुपयोग मानते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राचार्य ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को एक औपचारिक पत्र लिखकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है और मांग की है कि संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाए।

भिलाई में भी सामने आया था ऐसा ही मामला
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ समय से ऐसे मामले बढ़े हैं। हाल ही में भिलाई में भी दो महिलाओं को एक लकवाग्रस्त व्यक्ति के जबरन धर्मांतरण की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। जशपुर की इस ताजा घटना ने एक बार फिर प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
प्रशासन का पक्ष
फिलहाल जिला शिक्षा विभाग मामले की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। तब तक के लिए स्कूल में स्थिति पर नजर रखी जा रही है ताकि कोई अप्रिय स्थिति निर्मित न हो।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t


