February 1, 2026
रियल एस्टेट में निवेश के नाम पर 30 करोड़ की ठगी, शातिर आरोपी गिरफ्तार

रियल एस्टेट में निवेश के नाम पर 30 करोड़ की ठगी, शातिर आरोपी गिरफ्तार

Jan 20, 2026

जांजगीर-चांपा। जिले में शेयर बाजार और रियल एस्टेट में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले दो–तीन वर्षों से लोगों को हर माह 15 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर ठगी कर रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने करीब 30 करोड़ रुपये की ठगी करना स्वीकार किया है, जबकि उसके अन्य साथी अभी भी फरार हैं।

15 प्रतिशत मासिक मुनाफे का दिया झांसा
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने बताया कि प्रार्थी महेंद्र कुमार कश्यप, निवासी कामता थाना शिवरीनारायण ने अकलतरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जून 2024 में आरोपी प्रमोद कुमार वैष्णव (40 वर्ष) ने खुद को रियल एस्टेट और शेयर बाजार का कारोबारी बताकर हर महीने 15 प्रतिशत लाभ देने का लालच दिया। भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने इकरारनामा और एचडीएफसी बैंक का 10 लाख रुपये का चेक भी दिया था।

बेटी की शादी के लिए जमा रकम भी हड़पी
महेंद्र कश्यप ने अपनी बेटी की शादी के लिए धान बेचकर जमा किए गए 10 लाख रुपये नकद आरोपी को सौंप दिए थे। कुछ समय तक संपर्क में रहने के बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया और वह फरार हो गया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पूछताछ में सामने आए कई पीड़ित
अकलतरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी के परिजनों से लगातार संपर्क बनाए रखा। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी प्रमोद कुमार वैष्णव को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने कौशल प्रसाद कश्यप से 10 लाख रुपये और चोरभट्टी निवासी हीरालाल कश्यप से पांच लाख रुपये की ठगी करना स्वीकार किया। इसके अलावा बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और कोरबा जिलों में 10 से 15 अन्य लोगों से भी लाखों रुपये की ठगी की गई है।

करोड़ों की ठगी कबूल, संपत्ति जब्त
पुलिस जांच में आरोपी ने लगभग 30 करोड़ रुपये की ठगी करना स्वीकार किया है। उसके कब्जे से एक वेगनआर कार (सीजी-11-एम-8955), एक अन्य कार (सीजी-11-बी-5814) और एक यामाहा मोटरसाइकिल (सीजी-11-बीएल-3379) बरामद की गई है। जब्त वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी की अन्य चल-अचल संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।

फरार सहयोगियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि इस ठगी गिरोह में आरोपी के अन्य सहयोगी भी शामिल हैं, जो फिलहाल फरार हैं। उनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

 

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix