
झूठी शादी का जाल बिछाकर दुष्कर्म, नाम बदलकर छिपा आरोपी Baloda Bazar से गिरफ्तार
दुर्ग। शादी का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से नाम बदलकर लुक-छिप कर रह रहा था, लेकिन जामुल पुलिस की सतर्कता और लगातार पतासाजी के बाद उसे बलौदाबाजार के गीतपुरी इलाके से धर दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल भेज दिया गया है।
झूठी शादी कर पत्नी की तरह रखा
जामुल थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता की मां ने 19 नवंबर 2025 को थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रायपुर निवासी हेमंत अग्रवाल ने उनकी बेटी से जान-पहचान के बाद झूठी शादी कर उसे पत्नी की तरह अपने साथ रखा। जब पीड़िता उसके साथ रहने से इनकार करने लगी, तो आरोपी ने जबरन उसे घर से उठाकर अपने साथ ले गया।

गंभीर धाराओं में केस दर्ज, आरोपी हुआ फरार
मामले में थाना जामुल में अपराध क्रमांक 918/2025 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 85, 115(2), 64(2)(एम), 138, 351(3), 89 के तहत गंभीर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। अपराध दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया और अलग-अलग जगहों पर नाम बदलकर छिपता रहा।
गीतपुरी से पकड़ाया आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बलौदाबाजार जिले के गीतपुरी क्षेत्र में नाम बदलकर रह रहा है। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी हेमंत कुमार अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल भेज दिया है।
आरोपी का विवरण
- नाम: हेमंत अग्रवाल
- उम्र: 41 वर्ष
- निवासी: अम्लेश्वर, जिला दुर्ग
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



