
Ranchi में ED और राज्य पुलिस आमने-सामने, मारपीट के आरोपों की जांच तेज
रांची। पश्चिम बंगाल के बाद अब झारखंड में भी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और राज्य पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बनती नजर आ रही है। वाटर सप्लाई घोटाले की चल रही जांच के बीच गुरुवार, 15 जनवरी की सुबह रांची पुलिस की एक टीम बड़ी संख्या में अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट रोड स्थित ईडी कार्यालय पहुंची।
मारपीट के आरोपों की जांच
यह कार्रवाई वाटर सप्लाई घोटाले के आरोपी संतोष कुमार द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद की गई है। संतोष कुमार ने दावा किया है कि ईडी अधिकारियों ने पूछताछ के दौरान उसके साथ मारपीट की। इन्हीं आरोपों की जांच के सिलसिले में रांची पुलिस की टीम ईडी दफ्तर पहुंची।

ईडी कार्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई
पुलिस टीम के पहुंचते ही ईडी कार्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।

वाटर सप्लाई घोटाले से जुड़ा मामला
बताया जा रहा है कि संतोष कुमार वाटर सप्लाई घोटाले से जुड़े एक बड़े मामले में आरोपी है, जिसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय द्वारा की जा रही है। इसी जांच के दौरान पूछताछ को लेकर विवाद सामने आया है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
सूत्रों के अनुसार, संतोष कुमार की शिकायत पर रांची पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



