
रांची में सनसनीखेज वारदात: युवती को गोली मारने के बाद युवक ने खुद को मारी गोली
खलारी थाना क्षेत्र में सुबह-सुबह दहशत, एक की मौत, युवती गंभीर
रांची। झारखंड की राजधानी रांची के खलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत केडीएच कॉलोनी में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सनकी युवक ने एक युवती को गोली मार दी और इसके बाद अपने घर जाकर खुद को भी गोली मार ली। इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है।
स्कूल जाते समय युवती पर किया फायर
घटना शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे केडीएच कॉलोनी मैदान गेट के पास हुई। जानकारी के अनुसार, घायल युवती पायल कुमारी (29) केडीएच स्थित ‘राज चिल्ड्रेन स्कूल’ में शिक्षिका है। वह सुबह अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, तभी युवक ने अचानक उस पर गोली चला दी। गोली पायल की गर्दन में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी।

आरोपी युवक ने घर जाकर की आत्महत्या
युवती को गोली मारने के बाद आरोपी युवक वहां से फरार हो गया और अपने घर पहुंचकर खुद को गोली मार ली। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 33 वर्षीय सुनील केवट उर्फ छोटू के रूप में की गई है।
घायल शिक्षिका रिम्स रेफर, हालत नाजुक
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल पायल कुमारी को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवती की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी, इलाके में दहशत
घटना की सूचना मिलते ही खलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या एकतरफा प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



